Loading...

मथुरा से घायल सारस और बीमार फ्लेमिंगो का रेस्क्यू, वन विभाग व वाइल्डलाइफ एसओएस ने बचाई जान

Gargachary Times 9 May 2026, 21:12 108 views
Mathura
मथुरा से घायल सारस और बीमार फ्लेमिंगो का रेस्क्यू, वन विभाग व वाइल्डलाइफ एसओएस ने बचाई जान
फरह। उत्तर प्रदेश वन विभाग और वाइल्डलाइफ एसओएस की टीम ने मथुरा में दो दुर्लभ पक्षियों की जान बचाई है। अलग-अलग जगहों से एक घायल सारस क्रेन और गर्मी से बेहाल फ्लेमिंगो को रेस्क्यू कर उपचार के लिए ट्रांजिट फैसिलिटी भेजा गया है। लक्ष्मी नगर के खेत में किसान को सारस क्रेन संकटग्रस्त हालत में मिला। सूचना पर पहुंची वाइल्डलाइफ एसओएस की रैपिड रिस्पांस यूनिट ने देखा कि सारस का दाहिना पंख तार की फेंसिंग में फंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। फिलहाल गहन उपचार से घाव भर चुके हैं, लेकिन पंख की हड्डी को गंभीर नुकसान के कारण इलाज जारी है। सारस को प्राकृतिक आवास में छोड़ने का फैसला पूरी तरह स्वस्थ होने पर लिया जाएगा। वहीं सेना के छावनी क्षेत्र में एक फ्लेमिंगो उड़ने में असमर्थ मिला। सेना ने तुरंत वन विभाग को सौंपा। जांच में बाहरी चोट नहीं मिली, लेकिन पक्षी भीषण गर्मी और निर्जलीकरण से पीड़ित था। उसे पानी, पोषण और मल्टीविटामिन दिए जा रहे हैं। फ्लेमिंगो अभी छोटा है, इसलिए विशेष देखभाल जारी है। सारस क्रेन दुनिया का सबसे ऊंचा उड़ने वाला पक्षी है और आईयूसीएन की रेड लिस्ट में संकटग्रस्त है। ग्रेटर फ्लेमिंगो वेटलैंड्स के लिए अहम भूमिका निभाता है। वाइल्डलाइफ एसओएस के सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा कि किसानों, सेना और वन विभाग की सतर्कता से इन अनमोल पक्षियों का उपचार संभव हुआ। डायरेक्टर बैजू राज एम.वी. ने कहा कि त्वरित कार्रवाई से वन्यजीवों की जान बचाई जा सकती है।
Follow Samachar24