एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार के नेतृत्व में फरह टोल पर चला सघन चेकिंग अभियान, नशे में वाहन चलाने वालों पर गिरी गाज
Gargachary Times
10 May 2026, 20:26
123 views
Mathura
फरह। (मथुरा) नेशनल हाईवे पर बढ़ते सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार ने शुक्रवार शाम फरह टोल प्लाजा पर बड़ा अभियान चलाया। इस विशेष चेकिंग अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने वालों को निशाने पर लिया गया।
एसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टोल से गुजरने वाले ट्रक, कार, बस और बाइक सवारों को रोककर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की। देर शाम तक चली कार्रवाई में दर्जनों वाहन चालकों की जांच हुई, जिनमें कई चालक नशे की हालत में मिले। पुलिस ने तुरंत मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सभी का चालान काटा और सख्त हिदायत दी।
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार ने बताया कि हाईवे पर अधिकतर बड़े हादसे ओवरस्पीड और शराब पीकर गाड़ी चलाने से होते हैं। जान जोखिम में डालने वाले ऐसे चालकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई। अचानक हुई कार्रवाई से टोल प्लाजा पर हड़कंप मच गया। कई चालक बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
एसपी ट्रैफिक ने आम जनता से अपील की कि शराब पीकर वाहन बिल्कुल न चलाएं। अपनी और दूसरों की जान की कीमत समझें। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई की हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसे अभियान से हादसों में कमी आएगी।