संविधान की रक्षा केवल कांग्रेस ही कर सकती है: प्रमोद तिवारी
Gargachary Times
10 May 2026, 20:27
99 views
Mathura
वृंदावन। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने केंद्र की वर्तमान सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि देश का संविधान और लोकतंत्र आज खतरे में है और इसकी सुरक्षा केवल कांग्रेस के हाथों में ही संभव है। रविवार को तीर्थनगरी वृंदावन आगमन के दौरान उन्होंने यह बातें कहीं।
सांसद प्रमोद तिवारी ने विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने महाराज के चरणों में देश की खुशहाली के साथ-साथ लोकतंत्र और संविधान को बचाने की प्रार्थना की है। उनके साथ पूर्व विधायक प्रदीप माथुर और विधायक अनुराधा मिश्रा सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा उन नेताओं को संरक्षण दे रही है, जिन पर वह स्वयं भ्रष्टाचार के आरोप लगाती थी।
क्षेत्रीय दलों को सचेत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति छोटे दलों के अस्तित्व को समाप्त करने वाली है, जिससे बचने के लिए कांग्रेस का साथ अनिवार्य है।
तिवारी ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि भाजपा और आरएसएस के बीच अंदरूनी मतभेद गहराते जा रहे हैं। उन्होंने भविष्यवाणी की कि निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी के कारण 2029 से पहले ही पार्टी में बड़ी फूट देखने को मिल सकती है।
मंदिर में पूजा-अर्चना आचार्य शैलेंद्र गोस्वामी के सानिध्य में संपन्न हुई। इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, महानगर अध्यक्ष यतेंद्र मुकदम, दीपक पाराशर और सोहन सिंह सिसौदिया समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पार्टी की एकजुटता प्रदर्शित की।