Loading...

किशनी में हाईवे किनारे खड़ी बस में लगी आग, दमकल ने एक घंटे में बुझाई, आधे घंटे तक हाइवे रहा जाम

Gargachary Times 11 May 2026, 21:05 103 views
Mainpuri
किशनी में हाईवे किनारे खड़ी बस में लगी आग, दमकल ने एक घंटे में बुझाई, आधे घंटे तक हाइवे रहा जाम
मैनपुरी के ग्वालियर-बरेली राजमार्ग पर किशनी में साई पेट्रोल पंप के सामने मैनपुरी-किशनी मार्ग की एक निजी बस में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। इस दौरान मार्ग पर आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। यह घटना सोमवार सुबह 11 बजे की है, जब निजी बस संख्या यूपी 83टी2855 साई पेट्रोल पंप के सामने खड़ी थी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। पेट्रोल पंप संचालक मुकेश यादव ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और अपने कर्मचारियों को आग बुझाने के उपकरण लेकर तैयार रहने को कहा। पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की भयावहता को देखते हुए हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। जाम में एक एम्बुलेंस भी आग बुझने तक फंसी रही। बाद में पुलिस ने यातायात को सुचारु करवाया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह आग खेत में लगाई गई पुआल की आग से तेज हवा के कारण फैली थी। दमकल कर्मी खेत में लगी आग को भी बुझा रहे थे। बस मालिक अजय यादव, जो लेखराजपुर थाना कुर्रा के निवासी हैं, ने बताया कि बस 2011 मॉडल की थी और इसकी वर्तमान कीमत लगभग साढ़े 7 लाख रुपये थी।
Follow Samachar24