Loading...

बीमार बहन को देखने जा रही महिला को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत, पति घायल

Gargachary Times 12 May 2026, 21:25 128 views
Mathura
बीमार बहन को देखने जा रही महिला को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत, पति घायल
फरह। फरह आगरा-मथुरा हाईवे पर मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बीमार बड़ी बहन को अस्पताल में देखने जा रही 28 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला सड़क पर गिरी और पहिए के नीचे आ गई। हादसा रैपुरा जाट अंडरपास के पास हुआ। मृतका रेखा देवी पत्नी राजदीप, निवासी आजाद नगर, थाना लाइन पार, जिला फिरोजाबाद की रहने वाली थीं। राजदीप परिवार सहित दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। परिजनों ने बताया कि रेखा की बड़ी बहन उर्मिला गंभीर बीमारी के चलते आगरा के एक अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार सुबह राजदीप अपनी पत्नी रेखा के साथ बाइक से दिल्ली से आगरा के लिए निकले थे। बहन का हालचाल लेने जा रहे थे। दोपहर के समय जैसे ही वे रैपुरा जाट अंडरपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। रेखा देवी सड़क पर गिर गईं और अज्ञात वाहन के पिछले पहिए के नीचे आ गईं। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पति राजदीप को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम और रैपुरा जाट चौकी इंचार्ज तेजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल राजदीप को प्राथमिक उपचार दिलाया। वहीं मृतका रेखा देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक का पता लगा लिया जाएगा। इधर, हादसे की खबर मिलते ही फिरोजाबाद स्थित घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही झटके में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। रेखा की मौत से बड़ी बहन उर्मिला भी सदमे में है।
Follow Samachar24