Loading...

भाजपा देश की अर्थव्यवस्था के लिए संकट है: अखिलेश यादव

Gargachary Times 12 May 2026, 21:30 113 views
Prayagraj
भाजपा देश की अर्थव्यवस्था के लिए संकट है: अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा देश की अर्थव्यवस्था के लिए संकट है। प्रधानमंत्री की अपील भाजपा के पतन का ऐलान है। जो लोकसभा में हारे है वे अपील में भी हारेंगे। भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ी-बड़ी दावे करती थी। आखिर आज अर्थव्यवस्था क्यों धराशाई हो गई। सत्ता में कौन लोग है। डालर क्यों नीचे जा रहा है। भाजपा लगातार 12 साल से केंद्र की सत्ता में है। अर्थव्यवस्था क्यों लड़खड़ा गई? क्यों पटरी से उतर गई। प्रधानमंत्री जी और सरकर को जनता से ऐसी अपील क्यों करनी पड़ रही है। मंगलवार को प्रयागराज में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार झूठ बोल रही है। जो महिला आरक्षण बिल 2023 में संसद में पास होकर कानून बन गया है, भाजपा उसको लेकर भी झूठ बोल रही है। प्रधानमंत्री लोकसभा में और मुख्यमंत्री जी विधानसभा में क्या-क्या बोल रहे थे। सच्चाई है यह कि भाजपा महिलाओं को आरक्षण नहीं देना चाहती है। भाजपा के मन में महिला आरक्षण को लेकर खोट है। जब सरकार को पता चल गया कि परिसीमन बिल नहीं पास होगा तब उसने 2023 में पास हुए महिला आरक्षण बिल का नोटिफिकेशन कर दिया। जो बिल संसद में पास हो चुका था उसको लेकर मुख्यमंत्री जी विधानसभा में प्रस्ताव लेकर आए थे। यह बीजेपी का पतन है। अखिलेश यादव ने कहा कि कहा कि किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा देश के लिए खुद एक संकट है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के निजी सचिव की हत्या में शामिल आरोपी के साथ भाजपा नेताओं की तस्वीरों को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि आरोपी की तस्वीर भाजपा के तमाम नेताओं के साथ हैं। इतना घटिया काम बीजेपी से जुड़े हुए लोग ही कर सकते हैं। सुनने में आया है कि आरोपी की जिन लोगों के साथ तस्वीर है उनमें से कुछ लोग मुख्यमंत्री से मिले हैं और सिफारिश कर रहे हैं कि वह निर्दोष है। इसी तरह से भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं का करीबी झांसी में 100 करोड़ की घोटाले में पकड़ा गया है।
Follow Samachar24