Loading...

जिला कलेक्टर ने जारगा पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा

Gargachary Times 13 May 2026, 20:40 128 views
Dholpur
जिला कलेक्टर ने जारगा पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आगामी दिनों में बसेड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत जारगा के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने जारगा पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने गांव में साफ-सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित कार्यक्रम स्थल एवं ग्रामीणों से संवाद के लिए चिन्हित स्थान का जायजा लेते हुए वहां विशेष साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए हैलीपेड निर्माण के लिए संभावित स्थान का भी निरीक्षण किया गया। जिला कलेक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को उपयुक्त स्थान चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ग्राम जारगा में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे तथा क्षेत्र की समस्याओं एवं विकास कार्यों की जानकारी लेंगे साथ ही रात्रि विश्राम के पश्चात सुबह ग्राम भ्रमण भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जा रही हैं।
Follow Samachar24