"गाय नहीं कटने देंगे, देश नहीं बटने देंगे": परखम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का संकल्प, आधा दर्जन प्रकल्पों का किया ई-लोकार्पण''
Gargachary Times
13 May 2026, 20:43
121 views
Mathura
फरह। फरह मथुरा गाय नहीं कटने देंगे, देश नहीं बटने देंगे, यह हमारा दृढ़ संकल्प है। गौ माता के गर्दन पर आज खंजर नहीं चल सकता, लेकिन गाय के महत्व को भी हमें समझना होगा और समाज को समझाना भी होगा।" यह उद्गार उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, गऊ ग्राम परखम में व्यक्त किए। वे दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा नवधा सभागार में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आधा दर्जन से अधिक नवनिर्मित प्रकल्पों का ई-लोकार्पण किया। साथ ही दो हजार क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर और स्टाफ आवास की आधारशिला रखी। इससे पूर्व प्रातः काल नव निर्मित गौरी भवन कन्या छात्रावास में गृह प्रवेश, भूमि पूजन एवं हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया।
"यह बनेगा संसार का सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान केंद्र"
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पं० दीनदयाल उपाध्याय को देश ही नहीं, संपूर्ण विश्व जानता है। आज उन्हीं के नाम पर परखम गांव में पं० दीनदयाल अनुसंधान केंद्र के तत्वावधान में समाज कल्याण के लिए अनेक प्रकल्प संचालित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र आने वाले समय में संसार का सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान केंद्र बनेगा। "मुझे जो कुछ बन पड़ेगा, मैं इस संस्थान के लिए जरूर करूंगा," उन्होंने आश्वासन दिया।
"यूपी में कई वर्षों तक चलेगी भाजपा सरकार"
उप मुख्यमंत्री ने राजनीतिक संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार तीसरी बार नहीं, बल्कि आगे कई वर्षों तक चलती रहेगी। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विदेशी मुद्रा बचाने के आग्रह का पालन करने की अपील की।
"भारत की आत्मा धर्म है, गाय पर अनुसंधान जरूरी": मटाले
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले ने कहा कि परिवर्तन ही जीवंतता का लक्षण है। समाज के सकारात्मक कार्यों से ही समाज का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा धर्म है और यहां चलने वाला यह कार्य धर्म का कार्य है।
मटाले ने बताया कि गाय की महिमा का वेद काल से वर्णन है। वर्तमान में गाय की महत्ता को समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एशिया के इस सबसे बड़े अनुसंधान केंद्र में गाय पर अनुसंधान होंगे, जिससे गाय की महत्ता देश में ही नहीं, विश्व पटल पर बढ़ेगी।
"गाय पूरी दुनिया की मां, पंचगव्य से स्वस्थ रहेगा शरीर": स्वामी कैलाशानन्द गिरि
निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ० स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि गाय पूरी दुनिया के लिए मां है। जो मानते हैं उनके लिए भी और जो नहीं मानते उनके लिए भी हितकारक है। गाय केवल भारत और सनातन धर्म की ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व की माता है।
उन्होंने कहा कि जो गऊ पंचगव्य का पान करेगा, वह हमेशा स्वस्थ्य रहेगा। शरीर को पवित्र करने के लिए गाय माता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। संपूर्ण सृष्टि गाय में विद्यमान है।
"जगह-जगह बनें चारागाह": विजय कौशल महाराज
ब्रज के सुप्रसिद्ध संत रामकथा मर्मज्ञ विजय कौशल महाराज ने कहा कि सभी लोग गायों को चारागाह में चराने की व्यवस्था करें। गऊ चारागाह अधिक होने चाहिए, तभी गाय पालन की सार्थकता होगी। उन्होंने जगह-जगह चारागाह बनवाने का आव्हान किया। महाराज ने कहा कि लोग गाय पालन की बजाय जमीन दान करें, जिससे प्राकृतिक रूप से चारागाह तैयार हो सकें।
सुरभि मंत्र से शुभारंभ, अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा गौमाता के चित्रपट के सम्मुख सुरभि मंत्र के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों को उत्तरीय उढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। नोएडा निवासी किशन मोहन शर्मा एवं सुमित्रा शर्मा का विशेष सम्मान किया गया, जिन्होंने गौरी भवन कन्या छात्रावास का निर्माण कराया है।
कार्यक्रम की प्रस्तावना मंत्री हरिशंकर शर्मा ने रखी। संचालन डॉ० अनुराग शर्मा ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन सतीश अवाना ने किया।
भूमि पूजन, हवन में हुए मुख्य यजमान
बुधवार प्रातः विभिन्न प्रकल्पों के गृह प्रवेश, भूमि पूजन एवं लोकार्पण समारोह के अवसर पर भव्य यज्ञ एवं हवन का आयोजन गौरी भवन कन्या छात्रावास में किया गया। यज्ञ के मुख्य यजमान नोएडा निवासी किशन मोहन शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी सुमित्रा शर्मा रहीं।
इस अवसर पर निर्मित होने वाले प्रकल्पों का शिलापूजन किया गया। लोकार्पण स्थलों पर आचार्य गणों ने भगवान गणेश एवं गौमाता के चित्र के समक्ष पूजन-अर्चन किया एवं स्वास्तिक चिन्ह अंकित कर उद्घाटन की औपचारिकता पूर्ण की। गौमाता का साक्षात पूजन भी किया गया।
इन प्रकल्पों का हुआ लोकार्पण
उप मुख्यमंत्री ने 45 कमरों के आधुनिक गौरी भवन कन्या छात्रावास का लोकार्पण किया। इसमें 125 छात्राएं रह सकती हैं। इसके अलावा पं० दीनदयाल औषधि उद्यान, पं० दीनदयाल पशु चिकित्सालय, कामधेनु प्रसार केंद्र स्टूडियो, बुनकर प्रशिक्षण केंद्र की नवीन रैपियर मशीन का लोकार्पण किया गया।
पशु चिकित्सालय में पशुओं का आयुर्वेदिक तरीके से इलाज होगा। यहां डॉक्टर, एम्बुलेंस, कंपाउंडर हर समय उपलब्ध रहेंगे। औषधि उद्यान में उगाई जाने वाली औषधियों का इस्तेमाल फार्मेसी एवं आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण में होगा। स्टूडियो में वीडियो रिकॉर्डिंग, पॉडकास्टिंग, ऑनलाइन कक्षाएं संचालित होंगी।
ये गणमान्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के डॉ० दिनेश, अखिल भारतीय गौ गतिविधि संयोजक अजित महापात्र, क्षेत्र प्रचारक महेंद्र शर्मा, क्षेत्र संपर्क प्रमुख हरीश रौतेला, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, निदेशक केशवधाम ललित कुमार, निदेशक दीनदयाल धाम सोनपाल, क्षेत्र प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार, प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया, सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, विधायक पूरन प्रकाश, मेघश्याम सिंह, एमएलसी ठा० ओम प्रकाश सिंह, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत, समाजसेवी और ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे परिसर को भव्य रूप से सजाया गया था। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।