विधिक जागरूकता शिविर में छात्र-छात्राओं को कानून, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जिम्मेदारियों की दी जानकारी
Gargachary Times
13 May 2026, 20:57
134 views
Firozabad
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फिरोजाबाद के तत्वावधान में बुधवार को फिरोजाबाद स्कूल ऑफ नर्सिंग में नर्सिंग छात्र-छात्राओं हेतु विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष डॉ. बब्बू सारंग के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में प्राधिकरण की सचिव योगेश शिवा ने छात्र-छात्राओं को सामाजिक, स्वास्थ्य एवं विधिक विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विद्यार्थियों को चिकित्सा ज्ञान के साथ-साथ कानून, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक होना आवश्यक है।
शिविर में PCPNDT Act के बारे में जानकारी देते हुए कन्या भ्रूण हत्या को गंभीर सामाजिक समस्या बताया गया तथा लिंग परीक्षण एवं भ्रूण हत्या को कानूनन दंडनीय अपराध बताया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं को “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा नशा मुक्ति, तनाव प्रबंधन, महिला अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा अधिनियम एवं निःशुल्क विधिक सहायता जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, योग एवं ध्यान करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया गया। अंत में सभी विद्यार्थियों ने इस प्रकार के जागरूकता शिविर को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।