सराहनीय कार्य परिवार परामर्श केंद्र की पहल से 08 परिवारों में लौटी खुशियां
Gargachary Times
18 May 2026, 12:41
22 views
Firozabad
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निर्देशन में परिवार परामर्श केंद्र द्वारा मिशन शक्ति फेज-05 “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” अभियान के अंतर्गत घरेलू विवादों के निस्तारण हेतु विशेष काउंसिलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 08 मामलों में पति-पत्नी एवं परिवारजनों के बीच चल रहे घरेलू विवादों को आपसी बातचीत और समझाइश के माध्यम से सुलझाया गया।
परिवार परामर्श केंद्र में पहुंचे दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए काउंसलरों ने धैर्य एवं संवेदनशीलता के साथ उनकी काउंसिलिंग की। लंबी बातचीत के बाद सभी पक्ष आपसी सहमति से सुलहनामा करने पर राजी हो गए। इसके बाद परिवारों को पुनः साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे उनके चेहरों पर खुशी लौट आई।
अभियान के अंतर्गत महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि परिवार समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है और छोटी-छोटी बातों को संवाद एवं समझदारी से सुलझाया जा सकता है।
परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल की लोगों ने सराहना की। घरेलू कलह से परेशान परिवारों को नई शुरुआत का अवसर मिलने से वातावरण भावुक हो गया। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।