Loading...

50 प्रतिशत अनुदान पर बीज प्राप्त करने के लिए 31 मई तक पोर्टल पर आवेदन करें किसान: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही

Gargachary Times 19 May 2026, 20:16 78 views
Lucknow
50 प्रतिशत अनुदान पर बीज प्राप्त करने के लिए 31 मई तक पोर्टल पर आवेदन करें किसान: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खरीफ-2026 के अंतर्गत किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सामान्य, प्रदर्शन और मिनीकिट योजना के तहत कुल 1,99,910 कुंतल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस विषय पर आज कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने अपने राजकीय आवास पर कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों को सही समय पर और उचित मात्रा में बीज उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक दशा में 31 मई तक सभी विक्रय केंद्रों तक बीज पहुंच जाने चाहिए। इस निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से 75,429 कुंतल बीज उपलब्ध कराए जा चुके हैं और अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के किसानों को 2,636 कुंतल प्रमाणित बीजों का वितरण भी किया जा चुका है। खरीफ सीजन की प्रमुख फसलों के लिए निर्धारित लक्ष्यों के तहत धान के लिए 80,000 कुंतल का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें से 64,228 कुंतल उपलब्ध हो गया है और सर्वाधिक 2,634 कुंतल इसी फसल के बीजों का वितरण हुआ है। इसके अतिरिक्त, तिलहन और दलहन फसलों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, जिसके तहत मूंगफली का लक्ष्य 57,446 कुंतल, उर्द का 23,958 कुंतल, अरहर का 21,225 कुंतल, मूंग का 3,946 कुंतल, तिल का 3,827 कुंतल और सोयाबीन का 2,999 कुंतल निर्धारित किया गया है। मोटे अनाजों (श्री अन्न) में ज्वार, बाजरा, सावा, कोदो, मड्डुआ (रागी), काकुन और कुटकी के लिए भी बीजों का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें बाजरा के लिए 1,972 कुंतल और रागी के लिए 1,500 कुंतल का प्रमुख लक्ष्य शामिल है। प्रदेश में बीज वितरण का यह कार्य कृषि विभाग के साथ-साथ सहकारिता, आई०एफ०एफ०डी०सी०, एच०आई०एल० और बी.बी.एस.एस.एल. के समन्वय से संचालित किया जा रहा है। इसमें सर्वाधिक 1,89,990 कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य अकेले कृषि विभाग का है, जिसके सापेक्ष विभाग ने 74,204 कुंतल बीज उपलब्ध कराकर 2,636 कुंतल का वितरण कर दिया है। यह सभी प्रमाणित बीज किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किसानों से अपील की है कि वह अनुदान पर बीज प्राप्त करने हेतु जल्दी से जल्दी agriculture.up.gov.in पोर्टल पर अपना आवेदन करें, जिससे बुवाई का कार्य सुगमता और समयबद्धता के साथ संपन्न हो सके। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश बीज निगम के एमडी टीएम त्रिपाठी तथा अपर निदेशक बीज एवं प्रक्षेत्र अनिल पाठक उपस्थित रहे।
Follow Samachar24