पत्नी से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, पति और देवर पर सरिया व धारदार हथियार से हमला
Gargachary Times
19 May 2026, 20:23
78 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के गांव अरमरा जट में महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने पति और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। लोहे की सरिया और धारदार हथियार से किए गए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित मोहम्मद इरफान पुत्र मोहम्मद यूनिस निवासी अरमरा जाट थाना मक्खनपुर ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उसकी पत्नी से आए दिन छेड़छाड़ और अभद्रता कर रहे थे। सोमवार रात को जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी आगबबूला हो गए और अपने साथियों के साथ मिलकर हमला बोल दिया।
आरोप है कि दबंगों ने लोहे की सरिया और तेज धारदार हथियार से इरफान और उसके भाई शाहनवाज पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मक्खनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।