Loading...

बाहर हीटवेव की आग, अंदर बिजली का धोखा, फरह के गांवों में बेहाल जनता, 45 डिग्री पार पारा, रात में भी नहीं मिल रही राहत

Gargachary Times 19 May 2026, 20:29 75 views
Mathura
बाहर हीटवेव की आग, अंदर बिजली का धोखा, फरह के गांवों में बेहाल जनता, 45 डिग्री पार पारा, रात में भी नहीं मिल रही राहत
फरह: "बाहर हीटवेव चलना दुश्वार कर रहा है, घरों के अंदर घुटन मुश्किल पैदा कर रही है। अब जाएं तो कहां जाएं।" यह दर्द फरह क्षेत्र के रहीमपुर, बिशू, परखम, पींगरी और महुअन गांव के ग्रामीणों का है। भीषण गर्मी और बिजली कटौती की दोहरी मार ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मंगलवार को फरह में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह तक पारा और बढ़ने की चेतावनी दी है। दिन में आग उगलते सूरज के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं, लेकिन बिजली की आंखमिचौली ने घरों के अंदर भी चैन छीन लिया है। महुअन के ग्रामीणों का कहना है कि जब दिन में तापमान पीक पर होता है, तभी बिजली गुल हो जाती है। मंगलवार को तो हालात और बिगड़ गए। पूरे दिन बिजली गायब रही। शाम को कुछ देर के लिए आई और फिर चली गई। रात में भी हीटवेव का असर कम नहीं हो रहा। ऊपर से बार-बार बिजली कटने से उमस और घुटन ने घरों को भट्ठी बना दिया है। ग्रामीण बीरू, हरिओम, प्रधान प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह और पूर्व प्रधान प्रताप चौधरी ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांवों में पूरे दिन बिजली नहीं आ रही। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का बुरा हाल है। न दिन में चैन न रात में नींद। इनवर्टर भी जवाब दे गए हैं। पंखे-कूलर शोपीस बन गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। "अब तो रात भी हीटवेव का शिकार हो रही है। दिन-रात एक जैसे हो गए हैं। बिजली विभाग को फोन करो तो कोई उठाता नहीं," बीरू ने कहा। बिजली की इस लुकाछिपी से लोगों में भारी आक्रोश है। फिलहाल फरह क्षेत्र के दर्जनों गांव भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहे हैं। बाहर लू के थपेड़े और अंदर बिजली का ड्रामा लोगों को बेचैन कर रहा है। सवाल यही है कि जनता जाए तो कहां जाए?
Follow Samachar24