किसान समाधान दिवस में किसानों को दी गई योजनाओं और खेती की नई तकनीकों की जानकारी
Gargachary Times
20 May 2026, 20:54
95 views
Firozabad
विकास भवन सभागार में आयोजित किसान समाधान दिवस कार्यक्रम में किसानों को कृषि, पशुपालन, फसल बीमा और बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री शत्रोहन वैश्य ने की।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को कृषक सहभागिता योजना के बारे में बताते हुए कहा कि किसान अपने नजदीकी गौआश्रय स्थल से चार गौवंश प्राप्त कर सकते हैं, जिनके भरण-पोषण हेतु प्रति गौवंश 50 रुपये प्रतिदिन की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यू0पी0नेडा विभाग की बायोगैस एवं पशुशेड योजनाओं की जानकारी भी दी। साथ ही किसानों से पारंपरिक खेती के अलावा फूलों, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती अपनाकर आय बढ़ाने की अपील की।
उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने मौसम विभाग द्वारा जारी हीटवेव चेतावनी के मद्देनजर किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसान शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें तथा फसलों में आवश्यकता अनुसार शाम के समय हल्की सिंचाई करें। कम वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों को धान की डीएसआर विधि से बुवाई तथा उर्द, मूंग, अरहर, ज्वार और बाजरा जैसी फसलों को अपनाने की सलाह दी गई।
जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजकीय बीज भंडारों पर विभिन्न उन्नतशील बीज उपलब्ध हैं और किसान विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन, सिंचाई, बैंकिंग, विद्युत एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। अंत में जिला कृषि अधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया।