Loading...

भीषण गर्मी में बिजली कटौती पर फूटा गुस्सा, मांधोगंज फीडर पर किसानों ने जड़ा ताला

Gargachary Times 20 May 2026, 20:58 64 views
Firozabad
भीषण गर्मी में बिजली कटौती पर फूटा गुस्सा, मांधोगंज फीडर पर किसानों ने जड़ा ताला
शिकोहाबाद क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मांधोगंज फीडर पर भारतीय किसान क्रांति दल के कार्यकर्ताओं, किसानों और स्थानीय उपभोक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फीडर का घेराव कर मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम जनता के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बिजली न आने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पेयजल संकट गहरा गया है तथा बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। किसानों ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से खेतों में सिंचाई का कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर उसे जलाया और विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया।
Follow Samachar24