Loading...

भीषण गर्मी के चलते जनगणना कार्य स्थगित करने की मांग, यूटा ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Gargachary Times 22 May 2026, 21:00 53 views
Firozabad
भीषण गर्मी के चलते जनगणना कार्य स्थगित करने की मांग, यूटा ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
फिरोजाबाद । यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राठौर के निर्देशन और जिलाध्यक्ष डॉ जया शर्मा एवं महामंत्री मुकेश राजपूत के नेतृत्व में यूटा के पदाधिकारियों ने प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और आगामी दिनों में भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD द्वारा जारी हीट वेव की चेतावनी को देखते हुए जनगणना कार्य को फिलहाल स्थगित किए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी राजेन्द्र खन्ना को सौंपा। यूटा की जिलाध्यक्ष डॉ जया शर्मा ने बताया कि, जनगणना निदेशालय के निर्देशों के क्रम में पूरे प्रदेश में जनगणना का कार्य संचालित किया जा रहा है। लेकिन, वर्तमान समय में प्रदेशभर में असहनीय गर्मी और तेज धूप का प्रकोप जारी है। फिरोजाबाद सहित कई जनपदों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक पहुंच गया है। वहीं मौसम विभाग द्वारा लगातार हीट वेव की चेतावनी जारी की जा रही है तथा शासन द्वारा भी लोगों को दिन के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। ऐसी भयावह स्थिति में जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को फील्ड में रहकर कार्य करने के लिए मजबूर करना उनकी जान को जोखिम में डालने जैसा है। भीषण गर्मी के कारण अधिकांश लोग दिन के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, जिससे प्रगणकों को जनगणना संबंधी आवश्यक जानकारी जुटाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि, जनहित एवं कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) ने मांग की है कि, जनगणना कार्य को मई और जून माह में स्थगित रखा जाए तथा जुलाई माह के प्रथम सप्ताह से पुनः शुरू करने के निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में निर्देश सिंह, लोकेश कुमार, अमित कुमार, श्रीमती सुमन, सत्येंद्र सत्यार्थी व उमाकांत सहित अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं सम्मिलित रहे।
Follow Samachar24