महापौर व नगर आयुक्त का तीन वार्डों में औचक निरीक्षण, पानी संकट और गेल गैस के गड्ढों पर सख्त नाराजगी
Gargachary Times
22 May 2026, 21:03
66 views
Firozabad
फिरोजाबाद। शहर की बदहाल मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को महापौर कामिनी राठौर और नगर आयुक्त प्रशांत नागर स्वयं सड़कों पर उतरे। नगर निगम अधिकारियों की टीम के साथ उन्होंने वार्ड नंबर 12, 20 और 38 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पेयजल संकट और गेल गैस लिमिटेड द्वारा पाइपलाइन डालने के बाद खोदे गए गड्ढों को लेकर स्थानीय लोगों का भारी आक्रोश देखने को मिला। जनता की शिकायतें सुन महापौर ने अधिकारियों और संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान कई गलियों और मुख्य मार्गों पर गहरे गड्ढे खुले मिले। स्थानीय लोगों ने बताया कि गेल गैस कंपनी पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों को सही तरीके से नहीं भर रही है, जिससे आए दिन राहगीर और बच्चे चोटिल हो रहे हैं। हालात देखकर महापौर कामिनी राठौर नाराज हो गईं और साफ शब्दों में कहा कि विकास कार्यों के नाम पर जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और जिन स्थानों पर कार्य अधूरा है, वहां सुरक्षा इंतजाम भी सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान वार्डों की महिलाओं ने महापौर और नगर आयुक्त को घेरकर पेयजल संकट की शिकायत की। लोगों ने बताया कि कई दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिससे रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई परिवारों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।
इस पर नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने जलकल विभाग के अभियंताओं को मौके पर ही फटकार लगाते हुए जलापूर्ति व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में पाइपलाइन संबंधी समस्या है, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल कार्यालयों में बैठकर काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीन पर उतरकर जनता की समस्याओं का समाधान करना होगा। इस दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, जलकल विभाग की टीम और संबंधित क्षेत्रीय पार्षद भी मौजूद रहे।