आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस-ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग, चालक की मौत
Gargachary Times
22 May 2026, 21:05
67 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। किलोमीटर संख्या 46 पर ट्रक संख्या HR 38AJ 6501 में बस संख्या UP 78HN 2763 की जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन फिरोजाबाद से दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हादसे के समय बस कानपुर से गुड़गांव जा रही थी। मौके पर एसपी सिटी एवं स्थानीय पुलिस बल भी पहुंच गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
आग बुझने के बाद बस का निरीक्षण किया गया, जिसमें पता चला कि बस चालक शंभू बढ़ई स्टेयरिंग में फंस गया था और आग की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। बस में लगभग 30 यात्री सवार बताए गए हैं। सभी घायलों और यात्रियों को स्थानीय पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया।
पुलिस और फायर विभाग द्वारा घटना की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार हादसे का विस्तृत विवरण फायर रिपोर्ट में दर्ज किया जाएगा।