राजीव एकेडमी में छात्र-छात्राओं ने दी शांतिपूर्ण वातावरण में बीबीए, बीसीए एवं बीएससी (सीएस) की परीक्षाएं सम्पन्न
Gargachary Times
22 May 2026, 21:13
84 views
Eduction
मथुरा। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट, मथुरा में डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा द्वारा संचालित बीबीए, बीसीए एवं बीएससी (सीएस) पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं शनिवार को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुईं। परीक्षा अवधि के दौरान संस्थान द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं, जिसकी छात्र-छात्राओं ने मुक्तकंठ से सराहना की। परीक्षा में कोई भी नकल प्रकरण दर्ज नहीं हुआ।
संस्थान के निदेशक एवं परीक्षा केन्द्र अधीक्षक डॉ. अमर सक्सेना ने बताया कि 22 अप्रैल से शुरू हुई बीबीए, बीसीए एवं बीएससी (सीएस) पाठ्यक्रमों की परीक्षा में छात्र-छात्राओं को बेहतर एवं तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना संस्थान की पहली प्राथमिकता रही है। डॉ. सक्सेना ने बताया कि परीक्षा के व्यवस्थित संचालन में सहायक केन्द्र अधीक्षक गौरव गोस्वामी एवं मयंक दीक्षित का विशेष योगदान रहा। उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. सक्सेना ने बताया कि भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए संस्थान द्वारा सभी परीक्षा कक्षों में एयर कंडीशनर एवं समुचित वेंटिलेशन की व्यवस्था की गई, जिससे परीक्षार्थियों को गर्मी एवं उमस से राहत मिली और वे एकाग्रचित होकर परीक्षा दे सके। इतना ही नहीं संस्थान परिसर में विभिन्न स्थानों पर आरओ युक्त शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई थी ताकि छात्र-छात्राओं को स्वच्छ एवं ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो सके।
संस्थान प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों को लॉकर सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी ताकि वे अपने बैग, मोबाइल फोन एवं अन्य आवश्यक सामान सुरक्षित रूप से रख सकें। साथ ही परीक्षार्थियों के वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पार्किंग क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया तथा सुरक्षा कर्मियों की विशेष तैनाती की गई, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या चोरी की सम्भावना को पूरी तरह रोका जा सके।
डॉ. सक्सेना ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का परीक्षा केन्द्र पर पूर्णत: पालन किया गया। परीक्षा केन्द्र पर सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी, सचल दस्ते की नियमित जांच एवं परीक्षा कक्षों में अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। सचल दल द्वारा पूरे समय परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई, जिससे परीक्षा पूर्णत: निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हो सकी। परीक्षा समाप्ति के पश्चात विद्यार्थियों ने संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा तथा शांत एवं व्यवस्थित वातावरण में परीक्षा देना उनके लिए अत्यंत सहज एवं सुविधाजनक रहा।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, वाइस चेयरमैन पंकज अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने परीक्षा के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि राजीव एकेडमी हर तरह की जवाबदेही का अच्छे तरीके निर्वहन करने में सक्षम है तथा छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना संस्थान का दायित्व है।