Loading...

जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में सचिव ने दिए सख्त निर्देश

Gargachary Times 22 May 2026, 21:14 64 views
Firozabad
जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में सचिव ने दिए सख्त निर्देश
फिरोजाबाद /राष्ट्रीय जल जीवन मिशन भारत सरकार के सचिव ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के जिलाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करना तथा स्वच्छता प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाना रहा। बैठक में सचिव ने कहा कि “हर घर जल” योजना केवल पाइपलाइन बिछाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर को बेहतर बनाने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलापूर्ति योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न न हो। सचिव ने जल गुणवत्ता परीक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक गांव एवं ब्लॉक स्तर पर फील्ड टेस्ट किट (FTK) का प्रभावी उपयोग किया जाए। साथ ही महिलाओं को प्रशिक्षण देकर पानी की गुणवत्ता जांच में उनकी सहभागिता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में स्वच्छता एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गांवों और शहरों में घरेलू अपशिष्ट जल यानी ग्रे-वाटर के निस्तारण के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए तथा सामुदायिक स्वच्छता को बढ़ावा दिया जाए। इसके अलावा जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और जल समितियों को सक्रिय करने पर भी बल दिया गया। सचिव ने कहा कि जल जीवन मिशन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता तथा जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24