Loading...

स्टॉफ फाइटर ने जीती टेनिस बॉल क्रिकेट प्रीमियर लीग

Gargachary Times 23 May 2026, 19:38 56 views
Sports
स्टॉफ फाइटर ने जीती टेनिस बॉल क्रिकेट प्रीमियर लीग
मथुरा। के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल द्वारा आयोजित टेनिस बॉल सिक्स ए साइड क्रिकेट प्रीमियर लीग स्टॉफ फाइटर ने जीत ली। खिताबी मुकाबले में स्टॉफ फाइटर ने बरसाना विसन को सात विकेट से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। केडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी और केडी डेंटल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर ने विजेता तथा उप-विजेता टीमों को पुरस्कृत कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। टेनिस बॉल सिक्स ए साइड क्रिकेट प्रीमियर लीग प्रतियोगिता के फाइनल में टॉस स्टॉफ फाइटर ने जीता और बरसाना विसन को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बरसाना विसन ने डॉ. विक्रम राजपूत की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत आठ ओवर में तीन विकेट पर 73 रन बनाए। जवाब में स्टॉफ फाइटर ने डॉ. हर्षित चौहान की धुंआधार बल्लेबाजी की बदौलत तीन विकेट के नुकसान पर विजयी लक्ष्य हासिल कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी और प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर विजेता तथा उप-विजेता ट्रॉफी दोनों टीमों के कप्तानों को प्रदान कीं। अतिथियों ने प्लेयर आफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार डॉ. विक्रम राजपूत, ओरेंज कैप डॉ. हर्षित चौहान, पर्पल कैप शेखर शर्मा तथा बेस्ट स्टाफ प्लेयर का पुरस्कार हेमंत चौधरी को प्रदान किया। केडी विश्वविद्यालय के प्रो.-चांसलर मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्टॉफ फाइटर टीम के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में शारीरिक रूप से स्वस्थ और फिट रहना बहुत जरूरी है। श्री अग्रवाल ने कहा कि शरीर और दिमाग को विकसित करने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जीत-हार खेल का हिस्सा है, हमें हारने पर निराश होने की बजाय यह ध्यान देना चाहिए कि गलती कहां हुई। उन्होंने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य एवं अच्छी समझ जीवन के दो सर्वोत्तम वरदान हैं लिहाजा इन दोनों की प्राप्ति के लिए हमें जीवन भर ईमानदार प्रयास करने चाहिए। के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल के स्पोर्ट्स आफीसर डॉ. सोनू शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता छह दिन तक चली तथा नौ मुकाबले खेले गए। डॉ. शर्मा ने बताया कि स्टॉफ फाइटर के खिलाड़ियों ने हर मुकाबले को फाइनल की तरह खेला नतीजन टीम ने अजेय रहते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्होंने बताया कि टेनिस बॉल क्रिकेट सिक्स ए साइड प्रीमियर लीग की सफलता में कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी नीरज छापड़िया अहम योगदान रहा। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर डॉ. उमेश, डॉ. अजय नागपाल, डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौहान, डॉ. सिद्धार्थ सिंह सिसोदिया, डॉ. सोनल, डॉ. विनय मोहन, डॉ. अभिषेक, डॉ. अनुज गौर, डॉ. राजीव, डॉ. प्रेरणा, डॉ. नेहा, डॉ. अनुश्री, मनीष मिश्रा, हेमंत, देवेश आदि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
Follow Samachar24