Loading...

बकरीद पर फरह में पीस कमेटी बैठक, अफवाहों से बचने और भाईचारा बनाए रखने की अपील

Gargachary Times 24 May 2026, 18:58 50 views
Mathura
बकरीद पर फरह में पीस कमेटी बैठक, अफवाहों से बचने और भाईचारा बनाए रखने की अपील
फरह। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना फरह परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। सुबह करीब 11:30 बजे शुरू हुई बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सदर आदेश कुमार तथा सीओ रिफाइनरी अनिल कपरवान ने की। बैठक में कस्बा फरह के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भड़काऊ अथवा भ्रामक संदेश साझा करने से बचें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या उत्पन्न हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। बैठक में कुर्बानी को लेकर शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी धर्मों की भावनाओं का सम्मान करने पर विशेष जोर दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए क्षेत्र में शांति, अमन और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।
Follow Samachar24