Loading...

भीषण गर्मी में घर-घर पहुंच रहे जनगणना कर्मियों का करें सम्मान, सहयोग से बनेगा मजबूत भारत

Gargachary Times 24 May 2026, 18:59 67 views
Mathura
भीषण गर्मी में घर-घर पहुंच रहे जनगणना कर्मियों का करें सम्मान, सहयोग से बनेगा मजबूत भारत
फरह, मथुरा। फरह क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट गिरधारी लाल शर्मा ने जनगणना 2027 अभियान में लगे कर्मचारियों के प्रति आमजन से सहयोग, सम्मान और संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच जनगणना कर्मी घर-घर जाकर महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र कर रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह उनका सम्मान करते हुए पूरा सहयोग प्रदान करे। गिरधारी लाल शर्मा ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश और समाज के भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत नींव होती है। सरकार द्वारा चलाई जाने वाली कई जनकल्याणकारी योजनाएं जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही तैयार की जाती हैं। इसलिए सही और पूर्ण जानकारी देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब जनगणना कर्मचारी घर पहुंचें तो उन्हें शीतल जल अवश्य पिलाएं। यदि संभव हो तो छाछ, शिकंजी अथवा अन्य ठंडे पेय पदार्थ उपलब्ध कराएं तथा कुछ समय के लिए छायादार स्थान पर बैठने की व्यवस्था करें, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना कर्मचारियों द्वारा पूछी गई जानकारी को बिना किसी संकोच और भ्रम के सही तरीके से उपलब्ध कराएं, ताकि शासन का यह महत्वपूर्ण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। समाज के हर वर्ग को इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
Follow Samachar24