Loading...

गंगा दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने गुदाऊंशाला घाट का किया निरीक्षण

Gargachary Times 24 May 2026, 19:37 38 views
Firozabad
गंगा दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने गुदाऊंशाला घाट का किया निरीक्षण
फिरोजाबाद। आगामी गंगा दशहरा पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं घाटों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संतोष कुमार शर्मा ने रविवार को गुदाऊंशाला घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरविंद द्विवेदी, एसपी सिटी, उप जिलाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान भारी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। डीएम ने नदी के जलस्तर को ध्यान में रखते हुए गहरे पानी वाले क्षेत्रों में मजबूत बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा जाल लगाने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर 24 घंटे कुशल गोताखोरों और जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नगर निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों एवं संपर्क मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। कचरा प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं तथा सफाईकर्मियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त लाइटिंग एवं महिलाओं हेतु स्वच्छ चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने एडीएम न्यायिक एवं पुलिस प्रशासन को रूट डायवर्जन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पर्व के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी को घाट परिसर में मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, आवश्यक दवाओं एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि गंगा दशहरा आस्था और श्रद्धा का पर्व है तथा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Follow Samachar24