Loading...

मोर का शिकार करने वाले चार शिकारी गिरफ्तार, मृत राष्ट्रीय पक्षी समेत हथियार और जाल बरामद

Gargachary Times 25 May 2026, 19:47 70 views
Firozabad
मोर का शिकार करने वाले चार शिकारी गिरफ्तार, मृत राष्ट्रीय पक्षी समेत हथियार और जाल बरामद
फिरोजाबाद पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने थाना रजावली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पक्षियों का शिकार करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक मृत मोर, आठ जिंदा तीतर, पक्षी पकड़ने के जाल, अवैध तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त एक अरटिका गाड़ी बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी टूण्डला के नेतृत्व में थाना रजावली पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम ढकई में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सुरेश, वीरेन्द्र सिंह, नवीन सिंह और रामसिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक मृत मोर, जो राष्ट्रीय पक्षी है, आठ जिंदा तीतर, दो पक्षी पकड़ने के जाल तथा घटना में प्रयुक्त गाड़ी बरामद की गई। वहीं आरोपी सुरेश के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले। इस मामले में थाना रजावली पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस और वन विभाग द्वारा आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। संयुक्त कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी ब्रज किशोर, वन दरोगा प्रताप सिंह परमार, सचिन सहेरा, उपनिरीक्षक राजनारायण सिंह सहित पुलिस और वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
Follow Samachar24