व्यापारियों-उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता, यूपी सीडा क्षेत्रीय प्रबंधक पर कार्रवाई के निर्देश
Gargachary Times
25 May 2026, 19:55
43 views
Jalaun
उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, स्वरोजगार योजनाओं, व्यापारिक गतिविधियों तथा व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद को 1600 आवेदनों का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष अब तक 917 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 783 आवेदन बैंकों को भेजे गए, 123 स्वीकृत हुए तथा 75 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं की समीक्षा करते हुए कालपी रोड औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नाली एवं अतिक्रमण संबंधी मामलों के शीघ्र समाधान पर जोर दिया गया। साथ ही अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली, जलनिकासी और आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने यूपी सीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुमार की लगातार अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। इस पर उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए।
जिला व्यापार बंधु बैठक में व्यापारियों ने सब्जी मंडी क्षेत्र में ट्रॉली खड़े होने से उत्पन्न अव्यवस्था, कालपी बाजार में अतिक्रमण, सड़क चौड़ीकरण, टाइल्स मरम्मत, जलभराव, पेयजल और सुलभ शौचालय जैसी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन जनपद में बेहतर औद्योगिक एवं व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी व्यापारी या उद्यमी को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा व्यापार मंडल एवं उद्योग बंधु के पदाधिकारी उपस्थित रहे।