Loading...

वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का लाला वाला कुंडा से भव्य शुभारंभ, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष, डीग-कुम्हेर विधायक और जिला कलेक्टर ने किया जल स्रोत पूजन

Gargachary Times 25 May 2026, 19:57 22 views
Deeg
वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का लाला वाला कुंडा से भव्य शुभारंभ, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष, डीग-कुम्हेर विधायक और जिला कलेक्टर ने किया जल स्रोत पूजन
डीग: राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार जल संरक्षण को एक सशक्त जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से सोमवार को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर डीग जिले में वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। स्थानीय लाला वाला कुंडा परिसर में आयोजित इस जिला स्तरीय समारोह में राजस्थान सरकार के श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह तथा जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने पूरे विधि-विधान से जल स्रोत का पूजन कर इस अभियान का विधिवत शंखनाद किया। समारोह को संबोधित करते हुए श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने कहा कि जल ही जीवन है और जल है तो कल है के मूल मंत्र को आत्मसात करना आज समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने बताया कि गंगा दशहरा से प्रारंभ होकर 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) तक चलने वाला यह 10 दिवसीय कार्यक्रम केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि यह आमजन का एक वृहद जन-आंदोलन है। अध्यक्ष ने आमजन से सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का पूर्णतः त्याग करने की अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग के कारण ही हमारे जल स्रोत प्रदूषित होते हैं और गंदगी फैलती है। उन्होंने कुएं, बावड़ी और सरोवरों जैसे प्राचीन जल स्रोतों के जीर्णोद्धार, साफ-सफाई, जल के अपव्यय को रोकने और पर्यावरण संरक्षण हेतु व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने की महत्ती आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने सभी जिलेवासियों को गंगा दशहरा की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में विधायक ने वर्तमान में चल रही बृज 84 कोस परिक्रमा में मध्य प्रदेश और गुजरात सहित देशभर से आए लाखों श्रद्धालुओं के लिए माकूल भोजन, पेयजल, प्राथमिक उपचार व अन्य बेहतरीन प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जिला कलेक्टर मयंक मनीष और उनकी पूरी टीम की प्रशंसा की। इसके साथ ही, उन्होंने पूर्वी राजस्थान को पानी की जीवनदायिनी सौगात देने वाली संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के लिए प्रदेश के भागीरथ माननीय मुख्यमंत्री का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। क्षेत्र के आगामी विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि कुम्हेर में 450 करोड़ रुपये की लागत से 400 केवी जीएसएस का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि काशी और महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर पूंछरी का भी भव्य विकास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 100 करोड़ की लागत से डीग बाईपास का निर्माण और डीग में जिला अस्पताल की स्थापना जैसे विकास कार्य क्षेत्र की प्रगति को एक नई दिशा प्रदान करेंगे। समारोह के दौरान जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण और संवर्धन के प्रति संकल्पित करते हुए शपथ दिलाई। कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सभी अतिथियों का विधिवत धन्यवाद ज्ञापित किया और आमजन से इस अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया। तत्पश्चात, बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार एवं विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा मातृशक्ति द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर शहर के लिए रवाना किया।
Follow Samachar24