Loading...

बैंक मित्र से लूट करने वाले चार लुटेरे तमंचा-कारतूस समेत गिरफ्तार

Gargachary Times 26 May 2026, 18:36 68 views
Mathura
बैंक मित्र से लूट करने वाले चार लुटेरे तमंचा-कारतूस समेत गिरफ्तार
फरह। थाना फरह पुलिस ने गांव परखम के पास बैंक मित्र से दिनदहाड़े हुई लूट का खुलासा करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 55 हजार रुपये नगद, अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार गांव परखम स्थित भारतीय स्टेट बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे बैंक मित्र रामरज को गौशाला मार्ग स्थित नहर के पास बदमाशों ने घेर लिया था। आरोपियों ने उसकी आंखों में लाल पाउडर झोंक दिया और बैग में रखे करीब 75 हजार रुपये, जरूरी दस्तावेज व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी। पीड़ित ने तत्काल थाना फरह में तहरीर दी थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर थाना फरह पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। सीओ रिफाइनरी अनिल कपरवान के नेतृत्व में लगातार दबिश दी गई। मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुवनेश पुत्र भजनलाल, अंकित पुत्र छदामी, पवन पुत्र बाचाराम निवासी समोगर थाना बमरौली कटरा, आगरा तथा संजू उर्फ संजय पुत्र लक्ष्मण निवासी झुड़ावई थाना फरह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल की है। थाना प्रभारी निरीक्षक छोटे लाल ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 55 हजार रुपये नगद, एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। शेष रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। सीओ रिफाइनरी अनिल कपरवान ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की है।
Follow Samachar24