37 लाख का नाला बना मुसीबत, सड़क बनी ‘स्विमिंग पूल’; वार्ड 10 में जलभराव से लोग परेशान
Gargachary Times
26 May 2026, 20:23
66 views
Firozabad
शिकोहाबाद के वार्ड नम्बर 10 स्थित बंशीनगर में नगर पालिका द्वारा करीब 37 लाख रुपये की लागत से कराया गया नाला निर्माण अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। बरसात शुरू होते ही सड़कें जलमग्न हो गई हैं और राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विकास कार्य के नाम पर सरकारी धन का बंदरबांट किया गया है, लेकिन जल निकासी की समस्या का समाधान आज तक नहीं हो सका।
बताया जाता है कि नाला निर्माण का कार्य ठेकेदार सचिन गुप्ता द्वारा कराया गया था। निर्माण के दौरान जेसीबी से खुदाई की गई और निकली हुई मिट्टी को नगर पालिका द्वारा बेच दिए जाने का आरोप भी लगाया जा रहा है। नाला बनने के बाद उसके दोनों किनारे खाली छोड़ दिए गए, जिनमें अब गंदा पानी भरा रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नाले की ऊंचाई इतनी अधिक बना दी गई है कि आसपास की आधा दर्जन गलियों का पानी नाले में जाने के बजाय मकानों के पास खाली प्लॉटों में भर रहा है। इससे क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी हुई है।
गौरतलब है कि 17 मई 2025 को नगर पालिका चेयरमैन श्रीमती रानी गुप्ता के पति राजीव गुप्ता और तत्कालीन ईओ सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। उस समय बुढ़रई रोड पर भरे पानी को जेसीबी के जरिए खाली प्लॉटों में छोड़ा गया था।
इस मामले में चेयरमैन रानी गुप्ता का कहना है कि पहले शिकोहाबाद का पानी ग्राम पंचायत बुढ़रई की ओर जाता था, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के बाद पानी की दिशा बदली गई है। अब पानी को मैनपुरी चौराहे की ओर ले जाया जा रहा है, इसी कारण नाले को ऊंचा बनाया गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही सड़क पर मिट्टी डालकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।