जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक सम्पन्न, उद्यमियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश
Gargachary Times
27 May 2026, 19:49
50 views
Firozabad
फिरोजाबाद: कलैक्ट्रेट सभागार दबरई में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास एवं उद्यमियों की समस्याओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में यूपीडा द्वारा विकसित किए जा रहे औद्योगिक गलियारे में भूखण्ड आवंटन, यूपीसीडा औद्योगिक क्षेत्र में निर्माण कार्य, ककरऊ कोठी से जिला कारागार तक खराब एवं बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने, मीरा चौराहा से लालऊ रोड तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत, जलेसर रोड औद्योगिक क्षेत्र में 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र हेतु भूमि चिन्हांकन तथा जनपद में ईएसआईसी अस्पताल अथवा डिस्पेंसरी स्थापित किए जाने जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए।
औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों ने समिति के समक्ष समस्याओं का शीघ्र समाधान कराए जाने की मांग रखी। इस पर अध्यक्षता कर रहे मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में प्रस्तुत मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें तथा की गई कार्रवाई से उपायुक्त उद्योग एवं संबंधित औद्योगिक संगठनों को अवगत कराएं।
बैठक में उपायुक्त उद्योग को यूपीसीडा से जुड़े प्रकरणों के समाधान हेतु क्षेत्रीय प्रबंधक एवं वरिष्ठ प्रबंधक (सिविल) यूपीसीडा आगरा के साथ पृथक बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति की समीक्षा भी की गई। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक फिरोजाबाद को निर्देश दिए गए कि सभी बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित कर योजनांतर्गत शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित कराई जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), नगर मजिस्ट्रेट, उपायुक्त उद्योग, सहायक श्रमायुक्त, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, विद्युत विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।