एका पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट और महिलाओं से अभद्रता का आरोप, एसएसपी से की शिकायत
Gargachary Times
27 May 2026, 19:52
76 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना एका क्षेत्र के गांव मढ़ा कोंड़रा में पुलिसकर्मियों पर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और महिलाओं से अभद्रता करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित जरीफ अहमद ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार 26 मई की सुबह करीब 9:19 बजे थाना एका के दो पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में कार से गांव पहुंचे और कथित रूप से बिना किसी कारण ग्रामीणों के साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि पुलिसकर्मी राह चलते लोगों को पकड़कर जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया।
पीड़ित का कहना है कि ग्रामीणों की भीड़ जुटने पर दोनों पुलिसकर्मियों ने थाना से अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया। इसके बाद पहुंचे पुलिसकर्मियों ने गांव में कई लोगों के साथ मारपीट की। जरीफ अहमद ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके घर में घुस गई और तोड़फोड़ करने लगी। विरोध करने पर घर की महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट की गई।
शिकायत में नजीमवानो, असरीना बेगम और फूलवानो के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही एक महिला के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने घटना के वीडियो मिटाने के उद्देश्य से कई लोगों के मोबाइल फोन भी छीन लिए।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर पुलिस झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रही है। घटना को लेकर गांव में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।