Loading...

ईद-उल-अजहा पर प्रशासन और पुलिस रही अलर्ट, प्रमुख ईदगाहों का किया निरीक्षण

Gargachary Times 28 May 2026, 20:45 36 views
Firozabad
ईद-उल-अजहा पर प्रशासन और पुलिस रही अलर्ट, प्रमुख ईदगाहों का किया निरीक्षण
फिरोजाबाद। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के त्योहार को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने जनपद की प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने नमाज स्थलों पर बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर रोक लगाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, एक्स, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब और फेसबुक पर 24 घंटे निगरानी रखी गई। सोशल मीडिया पुलिस टीम लगातार ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर बनाए रही। लोगों से अपील की गई कि किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। जनपद पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, लगातार गश्त और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। वहीं कई स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी गई, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
Follow Samachar24