मथुरा में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
Gargachary Times
28 May 2026, 20:54
162 views
Mathura
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा।
मौसम विभाग द्वारा जनपद मथुरा में तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने आम नागरिकों एवं किसानों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
प्रशासन की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि खराब मौसम के दौरान लोग अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग्स और कमजोर निर्माणों से दूरी बनाए रखें। वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने और सुरक्षित स्थान पर रुकने की सलाह दी गई है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, जल स्रोत और ऊंचे स्थानों से दूर रहने को कहा गया है।
किसानों के लिए भी विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन ने किसानों से खड़ी फसलों को सहारा देने, कटाई योग्य फसलों की शीघ्र कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखने तथा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की है। ओलावृष्टि की स्थिति में फसलों को नुकसान की आशंका को देखते हुए फसल बीमा संबंधी जानकारी लेने की भी सलाह दी गई है।
आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क
जिला प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में लोग तत्काल हेल्पलाइन नंबर 112, मौसम विभाग हेल्पलाइन 1075 तथा किसान हेल्पलाइन 1800-180-1551 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।