Loading...

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने डाबक बृजनगर में 220 एवं 132 केवी जीएसएस का किया सघन निरीक्षण

Gargachary Times 29 May 2026, 17:56 40 views
Deeg
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने डाबक बृजनगर में 220 एवं 132 केवी जीएसएस का किया सघन निरीक्षण
डीग: राजस्थान सरकार के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शुक्रवार को डाबक बृजनगर स्थित 220 व 132 केवी ग्रिड सब-स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के पश्चात गृह राज्य मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों व अभियंताओं के साथ जीएसएस नियंत्रण कक्ष में समीक्षा बैठक ली तथा क्षेत्र में सुचारू विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ी जनसमस्याओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में आमजन को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने लो-वोल्टेज, अघोषित कटौती और बार-बार ट्रिपिंग जैसी समस्याओं पर अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का त्वरित व स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति में लापरवाही या अनावश्यक विलंब किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगा और ऐसी समस्याओं पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। क्षेत्रीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए गृह राज्य मंत्री ने एक महत्वपूर्ण अपील भी की। उन्होंने कहा कि कई बार तेज अंधड़, अत्यधिक ओवरलोड या अचानक उत्पन्न होने वाली तकनीकी खराबी के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है। ऐसी आकस्मिक परिस्थितियों में आमजन उद्वेलित या आक्रोशित न हों। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे धैर्य बनाए रखते हुए तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारियों को सूचित करें, ताकि फाल्ट को अविलंब दुरुस्त कर आपूर्ति पुनः बहाल की जा सके। उन्होंने राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि हमारा मुख्य संकल्प जनता के प्रति पूर्ण जवाबदेही के साथ प्रशासनिक और बुनियादी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता जेवीवीएनएल बनवारी लाल वर्मा, तकनीकी कर्मचारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24