Loading...

जनसुनवाई में लापरवाही पर डीएम सख्त, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश

Gargachary Times 31 May 2026, 09:45 5 views
Firozabad
जनसुनवाई में लापरवाही पर डीएम सख्त, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने तहसील सिरसागंज का औचक निरीक्षण कर जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण व्यवस्था की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम, संग्रह, अभिलेखागार और कानूनगो रजिस्टर का गहन निरीक्षण किया तथा शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर बात कर निस्तारण की स्थिति जानी। जिलाधिकारी ने जिन शिकायतों का निस्तारण पूर्ण दर्शाया गया था, उनकी वास्तविक स्थिति जानने के लिए स्वयं शिकायतकर्ताओं से टेलीफोन पर संपर्क किया। सुनीता देवी ने खतौनी में नाम दर्ज होने तथा विनय कुमार और रचना देवी ने राशन कार्ड बन जाने की पुष्टि की। वहीं गोपाल नामक शिकायतकर्ता ने अवैध कब्जा हटाए जाने संबंधी शिकायत के बारे में बताया कि मौके पर अब भी कब्जा बरकरार है। कागजी निस्तारण और जमीनी हकीकत में अंतर मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित राजस्व निरीक्षक तथा लेखपाल को तत्काल प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारी सिरसागंज को सभी शिकायतों और उनके निस्तारण की अनिवार्य रूप से क्रॉस चेकिंग कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर की दीवारों पर पान-तंबाकू की पीक देख डीएम ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिसर में गंदगी फैलाने वालों को चिन्हित कर उन पर जुर्माना लगाया जाए तथा स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसुनवाई के प्रति अत्यंत संवेदनशील है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक फरियादी की समस्या का गुणवत्तापूर्ण और वास्तविक निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
Follow Samachar24