डेढ़ वर्षीय मासूम की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल
Gargachary Times
31 May 2026, 09:51
37 views
Firozabad
फिरोजाबाद: थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार यादव कॉलोनी, शिकोहाबाद में एक डेढ़ वर्षीय बच्चे की पटक-पटक कर हत्या किए जाने की घटना के संबंध में थाना शिकोहाबाद पर मुकदमा संख्या 401/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।शनिवार को मुखबिर की सूचना पर थाना शिकोहाबाद पुलिस ने भूढ़ा भरथरा मोड़, मैनपुरी रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया, जिसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी विराज उर्फ जितेन्द्र पुत्र विजेन्द्र पाल निवासी शेखूपुर, थाना सिविल लाइन, बदायूं के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, पांच जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को थाना शिकोहाबाद पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मासूम की हत्या के मामले का शीघ्र खुलासा हो सका।