भाजपा ने चुनावी खर्च के लिए बिजली बिल पर लगाया इलेक्शन सरचार्ज: अखिलेश यादव
Gargachary Times
1 June 2026, 19:39
42 views
Lucknow
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि बिजली के बिल के नाम पर भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव के तिकड़मी ख़र्चों की व्यवस्था के लिए ‘इलेक्शन सरचार्ज’ लगा रही है। जून से बिजली का बिल देखकर लोगों के आँखों के आगे अंधेरा छाएगा। दरअसल बिजली के बिल में भाजपा का कमीशन बढ़ा है। भाजपा सरकार महंगाई बढ़ा कर जनता की जेब काट रही है। भाजपा सरकार में पहले से ही मंहगाई चरम पर है उसके बाद भी वह लगातार मंहगाई बढ़ाती जा रही है। मंहगाई से जनता पहले से त्रस्त हैं, भाजपा की सरकार हर दिन मंहगाई बढ़ा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कभी डीजल, पेट्रोल, कभी बिजली और कभी गैस सिलेण्डर के दाम बढ़ा दे रही है। आम जनता बेबस और परेशान है। भाजपा की कथनी करनी में बहुत अन्तर है। उसने मंहगाई कम करने का वादा किया था लेकिन जबसे सरकार आयी है, रोज मंहगाई बढ़ाती जा रही है। भाजपा की नीतियों से जनता त्रस्त है। भाजपा, पूंजीपतियों के लिए नीतियां बनाती है। उन्हीं के लिए काम करती है। गरीबों की जेब से पैसा निकाल कर पूंजीपतियों की पूंजी बढ़ाती है, फिर उनसे कमीशन और चंदे लेती है। भाजपा गरीब, किसान विरोधी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी तभी महंगाई से निजात मिलेगी।