चार दिन से अंधेरे में बलदाऊ कॉलोनी, ट्रांसफार्मर तोड़फोड़ से बिजली ठप, फरह बिजलीघर पर लोगों का प्रदर्शन
Gargachary Times
1 June 2026, 19:46
50 views
Mathura
फरह। मथुरा टाउनशिप स्थित बलदाऊ कॉलोनी पिछले चार दिन से अंधेरे में डूबी है। ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे कॉलोनी के 30-40 महिला-पुरुष फरह बिजलीघर पहुंच गए और जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फरह एसडीओ देवेंद्र सिंह को शिकायत पत्र सौंपते हुए बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल करने की मांग की।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से दिनभर में एक घंटे भी बिजली नहीं मिल रही। इससे पेयजल संकट खड़ा हो गया है। घरेलू काम ठप हैं और बच्चों की पढ़ाई सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही है। महिलाओं ने कहा कि गर्मी में बिना बिजली के जीना मुश्किल हो गया है। इनवर्टर भी जवाब दे चुके हैं। मोबाइल चार्ज नहीं हो पा रहे और जरूरी सामान भी खराब हो रहा है।
दूसरी ओर एसडीओ देवेंद्र सिंह ने पूरे मामले पर विभाग का पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले कॉलोनीवासियों की मांग पर पुराने विद्युत ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराया गया था। कॉलोनीवासी बिजली समस्या से राहत चाहते थे, इसलिए विभाग ने तुरंत नया ट्रांसफार्मर लगवाया।
लेकिन समस्या तब शुरू हुई जब कॉलोनी निवासी भूपेन्द्र सिंह, रमेश और उनके परिवार के कुछ सदस्य ट्रांसफार्मर को उनके घर के सामने से हटाकर दूसरी जगह लगाने की मांग करने लगे। एसडीओ के अनुसार विभाग ने तकनीकी सर्वे और सुरक्षा मानकों के आधार पर निर्धारित स्थान पर ही ट्रांसफार्मर लगाया था। स्थापना के दौरान भी कुछ लोगों ने विभागीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस का सहयोग लिया गया, जिसके बाद कार्य पूरा कराया गया।
एसडीओ ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चार दिन पहले रात के समय कुछ अज्ञात लोगों ने नए लगाए गए ट्रांसफार्मर पर पत्थर फेंककर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। विभाग को इस तोड़फोड़ से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
एसडीओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में दोषियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। रिफाइनरी थाना क्षेत्र में तहरीर दे दी गई है। पुलिस सहयोग मिलने के बाद क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की मरम्मत कराकर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पुनः सुचारु कराई जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने एसडीओ से मांग की कि जब तक नया ट्रांसफार्मर ठीक नहीं होता, वैकल्पिक व्यवस्था से बिजली दी जाए। लोगों का कहना है कि वे चार दिन से अंधेरे में हैं। विभाग को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
इस घटना ने कॉलोनी में दो गुटों के बीच तनाव भी बढ़ा दिया है। एक पक्ष का कहना है कि ट्रांसफार्मर की जगह सही है, जबकि दूसरा पक्ष उसे हटाने पर अड़ा है। इसी विवाद के बीच तोड़फोड़ की घटना सामने आई है।
एसडीओ ने अपील की कि बिजली विभाग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना अपराध है। इससे पूरा क्षेत्र प्रभावित होता है। आम जनता को भी समझदारी दिखानी चाहिए और विभाग का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस जांच पूरी होते ही ट्रांसफार्मर की मरम्मत शुरू कर दी जाएगी और जल्द ही बलदाऊ कॉलोनी में बिजली बहाल कर दी जाएगी।
अब कॉलोनीवासियों की नजर पुलिस कार्रवाई और विभाग की मरम्मत पर टिकी है। देखना यह है कि कब तक अंधेरे में डूबी इस कॉलोनी में फिर से रौशनी लौटती है।