नई पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए कोमल फाउंडेशन ने चलाया जन-जागरूकता अभियान
Gargachary Times
1 June 2026, 20:01
45 views
Firozabad
फिरोजाबाद। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर कोमल फाउंडेशन द्वारा सती महारानी जनकल्याण ट्रस्ट एवं सहायता संपर्क संस्था के सहयोग से संस्कार शिक्षा केंद्र, इंदिरा नगर में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, किशोरियों एवं महिलाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि तंबाकू का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है। इससे कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियां, उच्च रक्तचाप सहित कई जानलेवा रोग उत्पन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि तंबाकू केवल सेवन करने वाले व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है।
उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। बच्चों और युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि नई पीढ़ी नशे से दूरी बनाए रखेगी तो स्वस्थ, सशक्त और विकसित समाज का निर्माण संभव होगा।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सभी को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई। महिलाओं और बालिकाओं ने भी तंबाकू सेवन के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर संस्कार शिक्षा केंद्र की शिक्षिका रेशमा कुशवाहा, श्रीमती ललिता देवी, रेनू, अंजू, रागिनी, शिल्पी, सोनम, नरेंद्र सिंह, लाखन सिंह, पूनम, सपना सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में "जिंदगी चुनें, तंबाकू नहीं" का संदेश पूरे उत्साह के साथ गूंजता रहा।