Loading...

औद्योगिक क्षेत्र भोगांव में मिशन समाधान’’ विशेष शिविर

Gargachary Times 3 June 2026, 21:12 79 views
Mainpuri
औद्योगिक क्षेत्र भोगांव में मिशन समाधान’’ विशेष शिविर
मैनपुरी - औद्योगिक क्षेत्र भोगांव में यू.पी.सीडा. के आवंटियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित ’’मिशन समाधान’’ विशेष शिविर में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा करते हुए एक-एक समस्या पर गंभीरता से चर्चा की तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए स्पष्ट, समयबद्ध निर्देश दिये, शिविर में विद्युत आपूर्ति, सड़क, पेयजल, ड्रेनेज, सीवर, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस चौकी, सी.सी.टी.वी. कैमरे, प्लॉट संबंधी समस्याएं, यू.पी.सीडा. कार्यालय की उपलब्धता तथा अवैध खनन जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। उन्होने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के विकास में बाधा बनने वाली सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे बल्कि उसका परिणाम धरातल पर दिखाई दे, उद्यमियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होने विद्युत विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित 11 के.वी. विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की कार्यवाही तत्काल आगे बढ़ाई जाए, आवश्यक एन.ओ.सी. 03 दिन के भीतर उपलब्ध कराई जाए तथा यू.पी.सीडा. के माध्यम से निर्माण कार्य की प्रक्रिया प्रारंभ कराई जाए, विद्युत व्यवस्था मजबूत किए बिना औद्योगिक विकास संभव नहीं है, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाये। श्री त्रिपाठी ने कहा कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त 11 के.वी. विद्युत लाइनों का सर्वे कर सेक्टरवार ऑगणन तैयार किया जाए साथ ही नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना, एल.टी. लाइन विस्तार तथा विद्युत नेटवर्क सुदृढ़ीकरण के सभी प्रस्ताव तत्काल तैयार कर शासन को भेजे जाएं, औद्योगिक इकाईयों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूंर्ण किए जाएं। उन्होने कहा कि बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराया जाए, औद्योगिक क्षेत्र के सभी प्रमुख चौराहों पर हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जाएं, जिससे रात्रि के समय भी पर्याप्त प्रकाश बना रहे और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो, सी.सी.टी.वी. कैमरों की स्थापना के लिए तैयार किए गए प्रस्तावों को शीघ्र क्रियान्वयन हेतु अग्रसारित किये जायें। उन्होने कहा कि हाईमास्ट लाइट एवं सी.सी.टी.वी. कैमरे केवल सुविधा नहीं बल्कि सुरक्षा के महत्वपूर्ण साधन हैं इनके माध्यम से क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी और उद्योगपतियों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ेगा, सड़क, पार्क, सीवर, ड्रेनेज एवं पेयजल की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्होने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों का विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत किया जाए, सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था, सीवर नेटवर्क तथा पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्यों को चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी, बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उद्यमियों द्वारा व्यक्त की गई चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होने क्षेत्राधिकारी भोगांव को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र में अस्थायी पुलिस चौकी की स्थापना का कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए, चौकी के लिए भूमि उपलब्ध कराई जा रही है, जन-सहयोग से एक कमरा, बरामदा, शौचालय एवं आवश्यक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाए इसके बाद वहां पुलिस कर्मियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने उद्यमियों से भी सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था केवल प्रशासन की नहीं बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है, औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी मिलकर पुलिस चौकी के निर्माण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग करें ताकि शीघ्र परिणाम सामने आ सकें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौकी स्थापित होने तक क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, उद्यमियों ने यू.पी.सीडा से संबंधित विभिन्न समस्याओं को भी रखा, कई आवंटियों ने बताया कि प्लॉटों के क्षेत्रफल परिवर्तन, अतिरिक्त भूमि के अनुमोदन तथा अन्य प्रशासनिक मामलों की फाइलें वर्षों से लंबित हैं, जिस पर उन्होनेे यू.पी.सीडा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों की सूची तैयार कर उनकी समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर समाधान योग्य मामलों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा, उद्यमियों द्वारा स्थानीय स्तर पर यू.पी.सीडा. कार्यालय स्थापित करने की मांग की, जिस पर उन्होने निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र में एक साइट ऑफिस स्थापित करने की कार्य-योजना तैयार की जाए, सप्ताह में निर्धारित दिनों पर अधिकारी वहीं बैठकर समस्याओं का समाधान करें ताकि उद्यमियों को बार-बार मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान उप जिलाधिकारी भोगांव नीरज कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग डॉ. बनवारी लाल, जिला अग्रणी प्रबन्धक रामचन्द्र साहा के अलावा क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा आगरा सी.के. मौर्य, वरिष्ठ प्रबंधक (विद्युत) यूपीसीडा राजवीर सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक निर्माण खंड-5 आगरा अभिषेक यादव, सिविल इंजिनियर यूपीसीडा मुकेश भाटी आदि उपस्थित रहे
Follow Samachar24