अमृत सरोवरों से पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश गांव-गांव तक पहुंचे : केशव प्रसाद मौर्य
Gargachary Times
4 June 2026, 19:58
30 views
Lucknow
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर केवल जल संरक्षण के केंद्र नहीं हैं, बल्कि इन्हें पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता के प्रभावी मंच के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य के निर्देशों के क्रम में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा सभी जनपदों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि विश्व पर्यावरण दिवस पर अमृत सरोवरों के आसपास वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण एवं जैव विविधता संरक्षण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने वाली अन्य गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाए।
उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अमृत सरोवर स्थलों पर योग सत्र आयोजित कर स्थानीय समुदाय, स्कूली छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, आजीविका मिशन की महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों तथा अन्य हितधारकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
केशव मौर्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अमृत सरोवर उपयोगकर्ता समूहों, स्वयं सहायता समूहों, पद्म पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों, युवा समूहों, शिक्षण संस्थानों तथा जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों से जोड़ते हुए व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अवसरों पर ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष संवाद कार्यक्रमों का आयोजन कर ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन तथा ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को साकार करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को जनआंदोलन बनाने में अमृत सरोवर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता को नई गति मिलेगी।
आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग जी एस प्रियदर्शी ने सभी जनपदों को निर्देश दिए हैं कि आयोजित कार्यक्रमों की फोटोग्राफ तथा गतिविधियों का विवरण मिशन अमृत सरोवर पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा कार्यक्रम सम्पन्न होने के दो दिवस के भीतर राज्य मुख्यालय को विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।