Loading...

मथुरा की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का राज्यपाल के नाम ज्ञापन

Gargachary Times 4 June 2026, 19:58 34 views
Mathura
मथुरा की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का राज्यपाल के नाम ज्ञापन
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा। महानगर कांग्रेस कमेटी मथुरा के अध्यक्ष पं. यतेन्द्र मुकद्दम के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी मथुरा के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जनपद की विभिन्न प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया कि मथुरा जनपद की जनता विद्युत संकट, यमुना प्रदूषण, ट्रैफिक जाम, खराब सड़कों और बढ़ती ईंधन कीमतों जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों का शीघ्र समाधान कराया जाए। ज्ञापन में सबसे पहले जनपद में हो रही अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और जर्जर विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की गई। साथ ही यमुना नदी में गिर रहे गंदे नालों को रोककर प्रभावी शोधन व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता बताई गई। कांग्रेस ने मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक जाम की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए स्थायी यातायात प्रबंधन योजना लागू करने की मांग की। इसके अलावा जनपद की जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण कराने की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग करते हुए कहा गया कि ईंधन महंगा होने से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है तथा आवश्यक वस्तुओं के दाम भी प्रभावित हो रहे हैं। पं. यतेन्द्र मुकद्दम ने कहा कि जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे मथुरा की जनता को राहत मिल सके।
Follow Samachar24