ट्रॉमा सेंटर में नर्सिंग ऑफिसर से मारपीट का आरोप, प्राचार्य से की शिकायत
Gargachary Times
4 June 2026, 19:59
30 views
Firozabad
फिरोजाबाद। स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के ट्रॉमा सेंटर में तैनात एक नर्सिंग ऑफिसर ने पीजी जूनियर रेजिडेंट (जेआर-1) डॉक्टर पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत प्राचार्य से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता रवेंद्र प्रताप, नर्सिंग ऑफिसर, ने प्राचार्य को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मंगलवार देर रात वह ट्रॉमा सेंटर में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक मरीज के उपचार संबंधी विषय पर ऑर्थोपेडिक विभाग के पीजी जेआर-1 डॉ. अभिषेक से बातचीत हुई। आरोप है कि बातचीत के दौरान डॉक्टर ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, मारपीट की तथा मां-बहन की गालियां दीं।
नर्सिंग ऑफिसर का आरोप है कि डॉक्टर ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और कहा कि "तुझे बाहर देख लूंगा।" इससे वह भयभीत हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है।
घटना 3 जून की रात करीब 11 बजे ट्रॉमा सेंटर में हुई बताई गई है। पीड़ित ने प्राचार्य से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
मामले को लेकर चिकित्सा महाविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायत के बाद मामले की जांच कराए जाने की संभावना है।