किशोरी की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया साजिश का आरोप
Gargachary Times
4 June 2026, 19:59
38 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र के सुहाग नगर सेक्टर-2 में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान प्रिया (15 वर्ष) पुत्री बसंत कुमार वर्मा निवासी सुहाग नगर सेक्टर-2 के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।मृतका की मां रीना देवी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कुछ युवक उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान और छेड़छाड़ करते थे। उन्होंने युवकों के नाम ध्रुव, अमित, बंटू और भरत बताए हैं। परिजनों का कहना है कि घटना के पीछे साजिश हो सकती है और मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
सूत्रों के अनुसार मौके से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की भी चर्चा है, लेकिन मृतका की मां ने ऐसे किसी नोट की जानकारी से इंकार करते हुए कहा कि उनकी बेटी की मौत के पीछे साजिश है।पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोपों और घटनास्थल से मिले तथ्यों की पड़ताल में जुटी हुई है।