Loading...

दिल्ली अग्निकांड के बाद फिरोजाबाद फायर विभाग अलर्ट, होटलों में विशेष सुरक्षा जांच अभियान शुरू

Gargachary Times 4 June 2026, 20:00 41 views
Firozabad
दिल्ली अग्निकांड के बाद फिरोजाबाद फायर विभाग अलर्ट, होटलों में विशेष सुरक्षा जांच अभियान शुरू
फिरोजाबाद। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई थी, फिरोजाबाद अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। पुलिस महानिदेशक फायर सर्विस के निर्देश पर जिले के सभी होटलों में विशेष अग्नि सुरक्षा जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। अभियान के तहत होटलों में सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जा रही है।मुख्य अग्निशमन अधिकारी सतेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों के होटलों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये टीमें होटल परिसरों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, स्मोक डिटेक्टर, होजरील सिस्टम, पानी की व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के प्रशिक्षण की जांच कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन करीब छह होटलों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान यह भी परखा जा रहा है कि संबंधित होटल प्रबंधन के पास वैध फायर एनओसी है या नहीं तथा सुरक्षा उपकरण कार्यशील स्थिति में हैं या नहीं। यह विशेष अभियान अगले छह दिनों तक लगातार चलाया जाएगा। सीएफओ सतेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि दिल्ली जैसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए होटल संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जहां भी कमियां पाई जाएंगी, वहां नियमानुसार नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।दिल्ली के होटल अग्निकांड के बाद देशभर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी क्रम में फिरोजाबाद प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने भी सतर्कता बढ़ाते हुए व्यापक जांच अभियान शुरू किया है। विभाग का मानना है कि समय रहते सुरक्षा खामियों को दूर कर बड़े हादसों को रोका जा सकता है।
Follow Samachar24