जिलाधिकारी और एसएसपी ने समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश, सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम प्रशासन अलर्ट
Gargachary Times
4 June 2026, 20:00
38 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगामी 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए फिरोजाबाद जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इस संबंध में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा थोड़ी भी लापरवाही बरती गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी छह परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्रों पर बारीकी से जांच की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की चेकिंग के लिए अलग से कवर्ड क्षेत्र बनाए जाएंगे, जहां महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगी। पूरी प्रक्रिया पर एलआईयू इंस्पेक्टर की विशेष नजर रहेगी।
ब्लूटूथ, सिम कार्ड वाले सूक्ष्म इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्मार्ट वॉच और अन्य प्रतिबंधित डिवाइसों की पहचान के लिए चेकिंग स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची वाले बैनर लगाए जाएंगे।परीक्षा केंद्रों और पार्किंग स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास संचालित फोटोकॉपी की दुकानें, स्टेशनरी शॉप और साइबर कैफे बंद रखे जाएंगे।सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रात में भी पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनका लाइव फीड सीधे मुख्य कंट्रोल रूम से जुड़ा रहेगा।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात सफाईकर्मी, पानी उपलब्ध कराने वाले कर्मचारी तथा आउटसोर्सिंग स्टाफ की भी सघन जांच की जाए। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं मीडिया कर्मियों का भी केंद्र के भीतर प्रवेश वर्जित रहेगा।
सोशल मीडिया पर परीक्षा से संबंधित अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल नामित नोडल अधिकारियों, एसपी सिटी और एडीएम को देने के निर्देश दिए गए है।अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर ऑटो, टेम्पो एवं ई-रिक्शा चालकों के साथ बैठक कर उन्हें ओवरचार्जिंग न करने की हिदायत दी गई है।बैठक के अंत में जिलाधिकारी और एसएसपी ने सभी अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि वे अत्यधिक आत्मविश्वास में न रहें और अपनी ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचकर अधीनस्थ कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ ब्रीफ करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और आदर्श ढंग से संपन्न कराई जा सके।