केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जनपद में होगा ‘सेवा, सुशासन और सम्मान’ महोत्सव
Gargachary Times
4 June 2026, 20:01
2 views
Firozabad
फिरोजाबाद। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में 5 जून से 21 जून तक “सेवा, सुशासन और सम्मान” थीम पर विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के प्रभारी मंत्री एवं गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के बीते 12 वर्ष भारत के लिए सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान की ऐतिहासिक यात्रा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और यह कालखंड भारत का “स्वर्णिम काल” साबित हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम पूरी भव्यता और दिव्यता के साथ आयोजित किए जाएं, ताकि सरकार की योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण अभियान से होगी। संयोगवश इसी दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री का जन्मदिन भी है। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक आवश्यकता बन चुका है और इसी भावना के साथ अस्पतालों, विश्वविद्यालयों, प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक वृक्षारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मां के प्रति सम्मान और प्रकृति संरक्षण की भावना को समाज में मजबूत करना आवश्यक है।बैठक में तय किया गया कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वहीं 11 जून से 14 जून के बीच मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी साझा की जाएगी।16 एवं 17 जून को “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” आयोजित होगा, जिसमें राज्य एवं जनपद स्तर के लगभग 300 प्रबुद्धजन, विषय विशेषज्ञ, शिक्षक, उद्यमी और स्टार्टअप संचालक विभिन्न विकास खंडों में जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर व्याख्यान देंगे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान भी किया जाएगा।17 जून से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा 18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें किसानों को रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभावों और प्राकृतिक खेती के लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बैठक के समापन पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि देश और प्रदेश के पुनर्निर्माण, सेवा और सुशासन का महा-उत्सव है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों को जन-उत्सव के रूप में मनाते हुए नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और लोक-माध्यमों के जरिए आमजन को जोड़ा जाए।उन्होंने बताया कि पूरे अभियान का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के साथ होगा। मंत्री ने कहा कि योग आज भारत की विश्व को सबसे बड़ी देन बन चुका है, जिसे दुनिया के 200 से अधिक देशों ने अपनाया है।बैठक में सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।