पुलिस भर्ती परीक्षा की बैठक जिलाधिकारी
Gargachary Times
4 June 2026, 21:03
41 views
Mainpuri
उ.प्र. पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा दि. 08, 09 एवं 10 जून को 02 सत्रों में जनपद के 11 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सम्पन्न होगी, जिसमें कुल 19 हजार 286 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे, परीक्षा को शान्ति पूर्वक, सकुशल एवं नकलविहीन सम्पन्न कराने हेतु तैनात स्टैटिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ आयोजित बैठक में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि परीक्षा को बिना किसी विघ्न के नकल विहीन, शांतिपूर्ण माहौल मेें सम्पन्न करायें, प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों को मूल-भूत सुविधाएं मुहैया हों, केन्द्र व्यवस्थापक स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा अवधि में निरंतर क्रियाशील रहकर हर गतिविधि पर नजर रखें, उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित जो भी दिशा-निर्देश, मानक प्रक्रिया एवं सामग्री उपलब्ध कराई गई है, उसका सभी अधिकारी गंभीरता से अध्ययन कर लें यदि किसी भी अधिकारी, कर्मचारी को किसी बिंदु पर कोई शंका हो तो उसे बिना किसी संकोच के तुरंत स्पष्ट कर लें ताकि परीक्षा दिवसों मंे किसी भी प्रकार की शंका न रहे।
श्री त्रिपाठी ने मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 01-01 एंबुलेंस मय चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टॉफ उपलब्ध रहें, परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में ओ.आर.एस. के पैकेट की उपलब्धता रहे, परीक्षा केंद्र पर पीने हेतु ठंडे पानी की व्यवस्था की जाये, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर ठंडे पानी के 01-01 टैंकर की व्यवस्था करें, टैंकर का पानी प्रतिदिन बदला जाए, प्रत्येक परीक्षा केन्द्रो पर साफ-सफाई के बेहतर प्रबंध रहें, परीक्षा अवधि में अधिशासी अभियंता विद्युत निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें, किसी भी दशा में विद्युत की कटौती न हो, सेक्टर मजिस्ट्रेट नेतृत्व देकर अपने-अपने परीक्षा केन्द्रो पर मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करायें। उन्होने कहा कि यह परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे प्रदेश, जनपद की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है, कई अधिकारी पूर्व में भी परीक्षाएं करा चुके है लेकिन किसी भी प्रकार के झूठे अभिमान या इस धारणा में न रहंे कि सभी प्रक्रियाओं से पहले से ही पूरी तरह ज्ञात हैं। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम ला सकती है, वर्तमान में नकल के विरुद्ध अत्यंत कठोर कानून लागू है, इसलिए परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की चूक, लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की संख्या अधिक है, ऐसे केन्द्रों के व्यवस्थापकों की जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है, इसलिए सभी केन्द्र व्यवस्थापक अपने-अपने केन्द्रों पर पर्याप्त कक्ष, कक्ष निरीक्षक तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखें और सभी संबंधित कार्मिकों को कई बार प्रशिक्षण देकर उनकी भूमिका स्पष्ट कर दें ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि परीक्षा संचालन के लिए जो विस्तृत ड्रिल और मानक प्रक्रिया निर्धारित की गई है, वह पूर्व में विभिन्न स्थानों पर हुई घटनाओं एवं अनुभवों के आधार पर तैयार की गई है, पूर्व में कुछ स्थानों पर बाथरूम जाने जैसी छोटी प्रक्रिया का दुरुपयोग कर प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई थीं, इसी प्रकार की घटनाओं से सीख लेते हुए परीक्षा की प्रत्येक छोटी-बड़ी प्रक्रिया को अत्यंत सावधानीपूर्वक निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि कई बार बड़ी और मजबूत व्यवस्थाओं के बावजूद छोटी-छोटी चूक या लापरवाही के कारण गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिसका लाभ असामाजिक तत्व उठाने का प्रयास करते हैं इसलिए परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी, कर्मचारी सुनिश्चित करें कि परीक्षा के प्रारंभ होने से लेकर समाप्ति तक प्रत्येक प्रक्रिया का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होने कहा कि परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें महिला अभ्यर्थियों की संख्या भी अधिक है, ऐसे में सुरक्षा एवं चेकिंग की प्रक्रिया पूरी गंभीरता, सतर्कता से की जाए तथा किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए, सभी अधिकारी पूरी सतर्कता बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापकों से कहा कि परीक्षा सामग्री के वितरण, संकलन की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान रखें, सुनिश्चित किया जाये कि सभी प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाएं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही सुरक्षित बॉक्स में जमा हों, दि. 06 जून से किसी भी परीक्षा केन्द्र के भीतर किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाये, परीक्षा अवधि मंे सीसीटीवी कैमरे निरतंर क्रियाशील रहें।
अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनन्द ने बताया कि लिखित परीक्षा दि. 08, 09 एवं 10 जून को जनपद के 11 परीक्षा केन्द्रों पर 02 पालियों में आयोजित होगी, प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वान्ह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 03 बजे से 05 बजे तक सम्पन्न होगी। उन्होने बताया कि क्रिश्चियन इं.कॉ, राजकीय इं. कॉ., राजकीय कन्या इं.कॉ, श्री चित्रगुप्त इं.कॉ. में 384-384, दयानन्द इं.कॉ., डॉ. बी.आर. अम्बेडकर डिग्री कॉ., कुं. आर.सी. महिला पी.जी. कॉलेज, कुं. रामचन्द्र लालसिंह कन्या इं.कॉ., सनातन धर्म इं.कॉ., श्री चित्रगुप्त पी.जी. कॉलेज, श्री एकरसानन्द इं.कॉ. में 240-240 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। उन्होने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं नकलविहीन बनाने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक शहरी अरूण कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज यादव, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, किशनी, घिरोर, कुरावली अभिषेक कुमार, नीरज कुमार द्विवेदी, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, अंजली सिंह, शिव नरेश, डिप्टी कलेक्टर संध्या शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार सहित स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात अधिकारी, केन्द्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।