Loading...

मथुरा में प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने की समीक्षा बैठक

Gargachary Times 4 June 2026, 21:05 32 views
Mathura
मथुरा में प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने की समीक्षा बैठक
प्रभारी मंत्री/ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह की अध्यक्षता में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में आयोजित होने वाले विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जन जागरूकता अभियान से संबंधित कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक हुई संपन्न। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर दिनांक 05 जून 2026 से 21 जून 2026 तक जनपद में समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के सफल संचालन के संबंध में विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों, कार्य योजना आदि से संबंधित समीक्षा बैठक वृन्दावन स्थित गीत शोध संस्थान में आयोजित हुई। बैठक में सांसद तेजवीर सिंह , महापौर विनोद अग्रवाल , विधायक बल्देव पूरन प्रकाश , विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, विधायक मांट राजेश चौधरी , एम0एल0सी0 ओम प्रकाश सिंह , जिला अध्यक्ष निर्भय पाण्डेय , महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव आदि मौजूद रहे। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता, डीएफओ वेंकट श्रीकर पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री द्वारा दिनांक 05 जून से 21 जून 2026 तक सरकार की मंशा के अनुसार निर्धारित कार्य योजना पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से एक-एक कर की गई तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि उक्त कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाये। उन्होंने निर्देश दिए कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, योजनाओं, उपलब्धियों तथा जनसामान्य के जीवन में आये सकारात्मक परिवर्तनों के बारे में अधिकाधिक प्रचार प्रसार किया जाए। सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के मूल भाव के अनुरूप सादगी, अनुशासन, ईधन-बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों से आम जनमानस को रुबरु करवाना एवं देश, प्रदेश एवं जनपद के विकास में आम जनमानस की भूमिका एवं भागीदारी सुनिश्चित करवाना है। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मंत्री को अवगत कराया कि विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित कराए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा को तैयार कर लिया गया है तथा संबंधित विभागों को निर्देशित कर दिया गया है। दिनांक 05 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम की थीम पर वृहद वृक्षारोपण का अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि इसके अंतर्गत जनपद के सभी अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों के किनारे, नदी व नहर के किनारों, तहसीलों, ब्लॉकों, ग्राम पंचायतों, स्कूलों आदि में ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण किया जाएगा। जनपद में दिनांक 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 617000 वृक्ष लगाए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता ने अवगत कराया कि दिनांक 08 से 14 जून 2026 तक विशेष जनसंपर्क एवं जन जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं उपलब्धियां पहुंचाने हेतु जनपद के प्रबुद्ध वर्ग जैसे चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, उद्यमियों, व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं आदि से संपर्क एवं संवाद स्थापित किया जाएगा। मंत्री ने निर्देश दिए कि उक्त कार्य को प्राथमिकता से करना सुनिश्चित करे तथा सभी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित की जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि दिनांक 11 जून से 14 जून 2026 तक मीडिया संबोधन एवं संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों द्वारा सरकार की उपलब्धियां से संबंधित प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएगी। दिनांक 14 जून से 16 जून 2026 तक जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अवगत कराया कि जनपद में “सखी अन्नपूर्णा किचन” का संचालन किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा घर जैसा शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन तैयार किया जाता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। भोजन को पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग में बिना प्लास्टिक के उपलब्ध कराया जाता है। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में प्लास्टिक मुक्त ब्रज की रज अभियान संचालित है, जिसके अंतर्गत ग्राम स्तर पर प्लास्टिक का कलेक्शन किया जाता है। उन्होंने अवगत कराया कि जनपद में पीएम सूर्य घर के अंतर्गत 4786, अमृत सरोवर 156, वृद्धा पेंशन 68704, माननीय मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना 818, निराश्रित महिला पेंशन 51917, मुख्य मंत्री कन्या सुमंगल 9132, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य 242, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड 130, दिव्यांग पेंशन 14905 आदि की संख्या में लोगों को लाभांवित किया गया है। जनपद में कुल 162 गौशाला है, जिसमें 1,05,173 गौवंश संरक्षित है। मंत्री ने निर्देश दिए कि सरकार की मंशा के अनुसार बाल विकास, जिला नगरीय विकास अभिकरण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बेसिक शिक्षा विभाग, एक जनपद एक उत्पाद, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, पी०एम०सूर्य घर, सोलर स्ट्रीट लाइट, बीकेएस ग्राम उन्नति योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, समस्त पेंशन योजना, माननीय मुख्यमंत्री जी सामूहिक विवाह योजना, आयुषमान योजना, जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण आदि योजनाओं से अधिकाधिक जनमानस को लाभांवित करे। मंत्री ने निर्देश दिए कि सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का प्रदर्शनी के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाए एवं विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में आम-जनमानस को बताया जाए। दिनांक 16 जून से 17 जून 2026 तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन कार्यक्रम के दौरान सभी वर्गों के प्रबुद्धजनों द्वारा जनपद में भ्रमण की योजना बनाई जाए जिससे प्रबुद्धजन विकासखंडों का भ्रमण कर वहां आयोजित मेलों/शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों पर व्याख्यान देंगे। इसी क्रम में दिनांक 17 जून से 20 जून 2026 तक जनपद में विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनपद के सभी विकास विभागों सहित समस्त जनकल्याणकारी विभागों द्वारा अपने विभाग की योजनाओं से संबंधित एवं उत्पादों से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी और आम जनमानस को विगत 12 वर्षों में केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के बारे में जागरूक करने के साथ-साथ विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। दिनांक 18 से 19 जून 2026 तक प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। मंत्री द्वारा कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती एवं नकदी फसलों, फलों एवं फूलों की खेती करने हेतु जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें जागरूक किया जाए जिससे किसान को कृषि से अच्छी आय प्राप्त हो सके। दिनांक 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बृहद योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। मंत्री द्वारा आयुष विभाग के अधिकारियों को समस्त तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग त्वरित गति से अपने विभागीय कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें तथा सरकार की मंशा से जुड़कर जन कल्याणकारी योजनाओं को का लाभ आम जनमानस को दिलाया जाना सुनिश्चित करें। प्रभारी मंत्री द्वारा गीता शोध संस्थान परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
Follow Samachar24