बधाया के शांति आश्रम पर 1000 पौधे रोपे, यमुना को स्वच्छ बनाने की ली शपथ
Gargachary Times
5 June 2026, 20:24
42 views
Mathura
फरह। विकास खंड फरह के गांव बधाया स्थित शांति आश्रम में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और यमुना स्वच्छता का संदेश देने के लिए वृहद पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत आम, नीम, पीपल, जामुन सहित 1000 छायादार व फलदार पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में विकास खंड अधिकारी प्रवीण रावत, ग्राम पंचायत अधिकारी रंजना सिंह और ग्राम प्रधान वीरपाल ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की।
पौधरोपण के बाद अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों और आश्रम से जुड़े लोगों ने यमुना घाट पर एकत्र होकर मां यमुना की आरती उतारी। आरती के बाद सभी ने यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त रखने, उसमें कूड़ा-करकट न डालने और नदी के किनारे अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की सामूहिक शपथ ली। शपथ के दौरान यमुना को जीवनदायिनी बताते हुए उसके संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया गया।
बीडीओ प्रवीण रावत ने कहा कि “एक पेड़ सौ पुत्रों के समान है। हर व्यक्ति को अपने घर, खेत और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करनी चाहिए। यमुना हमारी संस्कृति और जीवन का आधार है। इसे साफ रखना केवल सरकार का काम नहीं, बल्कि हम सबका कर्तव्य है। पर्यावरण बचाना अब जन-आंदोलन बनना चाहिए।”
ग्राम प्रधान वीरपाल ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी देखभाल अपने बच्चों की तरह करें। उन्होंने कहा कि यमुना में कचरा डालने से न केवल नदी प्रदूषित होती है, बल्कि गांव का स्वास्थ्य भी खराब होता है। इसलिए साफ-सफाई और वृक्षारोपण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और पॉलीथीन मुक्त जीवन पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पौधरोपण के बाद उनकी देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। इसलिए प्रत्येक लगाए गए पौधे की जिम्मेदारी ग्रामीणों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहुओं को सौंपी गई है।
इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी रंजीत सिंह तोमर, यशपाल सिंह, मेंबर सिंह, गोविंदा, खंड प्रेरक, बड़ी संख्या में ग्रामीण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा बहुएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि आने वाले समय में बधाया को हरियाली और स्वच्छता में आदर्श गांव बनाया जाएगा।